डीएम व एसपी की संयुक्त अध्यक्षता में केंद्रीय पूजा समिति के पदाधिकारीगण व पूजा पंडालों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई सम्पन्न।

सुलतानपुर 26 सितम्बर/जिलाधिकारी कुमार हर्ष, व पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की संयुक्त अध्यक्षता, मुख्य विकास अधिकारी अंकुर कौशिक, प्रशिक्षु आई.ए.एस. रिदम आनन्द, अपर जिलाधिकारी(प्रशासन) गौरव शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक अखण्ड प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल, केन्द्रीय पूजा समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश पाण्डेय सहित अन्य समितियों व पूजा पंडालों के एक-एक प्रतिनिधिगण व अधिकारियों की उपस्थिति में नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में त्यौहार-दुर्गा पूजा महोत्सव-2025, दशहरा महाष्टमी, दशहरा महानवमी, रामलीला-2025, मूर्ति विसर्जन व रथ यात्रा आदि की तैयारियों के सम्बन्ध में बैठक आयोजित की गई।
        उक्त बैठक में अपर जिलाधिकारी(प्रशासन) द्वारा केन्द्रीय समिति एवं पूजा पंडालों के प्रतिनिधिगणों के साथ सभी तैयारियों जैसे- पंडालों की स्थापना, विसर्जन शोभायात्रा आदि के सम्बन्ध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिये गये। उन्होंने दुर्गा पूजा महोत्सव के दृष्टिगत सभी आधारभूत सुविधाएं जैसे- स्वच्छता, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, यातायात, परिवहन, पूजा पाण्डाल स्थापना की अनुमति, लॉ एण्ड ऑर्डर आदि से सम्बन्धित गहन चर्चा की।
        बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा दूर्गा पूजा/दशहरा की तैयारियों से सम्बन्धित बिन्दुवार जिला प्रशासन के समक्ष विस्तृत रूप रेखा पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने जिला प्रशासन को दुर्गापूजा महोत्सव के दृष्टिगत शोभा  यात्रा/रथ यात्रा की ऊंचाई, मानक के अनुरूप ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग, धार्मिक गाने, रूट डायवर्जन, विद्युत, सड़क, परिवहन व्यवस्था, वॉलेन्टियर्स, साफ-सफाई, पेयजल, मूर्ति विसर्जन स्थल की साफ-सफाई आदि के सम्बन्ध में पूजा समितियों द्वारा की गई तैयारियों व दिये गये आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि विगत वर्षों की भॉति इस वर्ष भी आगामी त्यौहार को सौहार्दपूर्ण व भाईचारे के साथ सम्पन्न कराया जायेगा।    
        पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी समिति के पदाधिकारियों से आग्रह किया गया कि सभी अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत लगने वाले पण्डालों में अपने वालेन्टियर्स की सूची मोबाइल नम्बर व नाम सहित पुलिस प्रशासन को अवश्य उपलब्ध करा दें। उन्होंने समिति के पदाधिकारी गणों से अनुरोध किया कि शोभायात्रा में प्रयुक्त होने वाले डी.जे. स्वामी व आपरेटर का नाम, मोबाइल सहित अवश्य उपलब्ध करा दें। उन्होंने कहा कि सभी स्थानों पर सी.सी.टी.वी. कैमरा, यातायात की व्यवस्था व डी.जे. की ध्वनि मानक के अनुरूप रखें। उन्होंने सभी पुलिस क्षेत्राधिकारी को निर्देशित किया कि पर्याप्त पुलिस बल लगाए।
         जिलाधिकारी द्वारा सभी उपस्थित समिति के पदाधिकारियों व पंडालों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि मूर्ति विसर्जन शोभा यात्रा में डीजे की ध्वनि व ऊंचाई मानक के अनुरूप रखें। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा महोत्सव कार्यक्रम को आपसी भाईचारे व शालीनता के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें। 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने